बिहार
बिहार के गया में कंरट लगने से 23 लोग झुलसे
By Deshwani | Publish Date: 6/5/2017 3:23:49 PM
पटना/गया, (हि.स.)। बिहार में गया जिले के बांकेबाजार के सगड़ीहा गांव में शुक्रवार की देर रात बरात में जा रही बस के हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आने के कारण 23 लोग झुलस गए। सभी लोग बस की छत पर सवार थे। झुलसे सभी लोगों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाने के बाद गया के अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि गया के बांकेबाजार के बैताल गांव से बस से लोग डुमरिया के बरबाडीह शुक्रवार बारात में जा रहे थे। अंदर बस फुल हो गई थी, जिसके कारण बाकी लोग बस की छत पर सवार हो गए। इसी दौरान सगड़ीहा गांव के पास 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार बस के ऊपर बैठे लोगों के संपर्क में आ गया।
करंट लगने के बाद 23 लोग झुलस गए। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। घायलों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर मदद करने के लिए पहुंचे और लोगों को लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घटना के बाद बस ड्राइवर झुलसे लोगों को छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कंरट लगने की वजह से एक युवक आवाज गुम हो गई। झुलसे तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। खबर सुनकर गांव से लोग परिजनों को देखने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे हुए हैं।