बिहार
रक्सौल के महदेवा गांव में बीती रात हथियार के बल पर भीषण डकैती
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2023 10:27:17 PM• परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर किया गया जमकर लूटपाट
रक्सौल। अनिल कुमार। थाना क्षेत्र महादेवा गांव में बीती रात भीषण डकैती ने एक बार फिर इस इलाके को दहला दिया है।
बीती रात रक्सौल के महदेवा गांव निवासी अरुण सिंह के घर पर अचानक कई सशस्त्र अपराधी घुस गए और हथियार के बल पर घरवालों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। परिजनों के मुताबिक इस घटना में करीब 20 से अधिक अपराधी शामिल थे। इस घटना में आभूषण, नकदी एवं कीमती सामान सहित लाखों रुपए मूल्य के समान की लूट हुई है। परिजनों के मुताबिक अपराधी दो मंजिले मकान के छत से तोड़फोड़ कर घुसे और अरुण सिंह के पुत्र अजीत सिंह उर्फ लड्डू सिंह पर बंदूक तान दी और हाथ-मुंह बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया।
फिर अपराधियों ने अरुण सिंह समेत घर के सभी सदस्यों को अलग-अलग कमरे में बंधक बना लिया और जमकर लूटपाट किया। परिजनों ने बताया कि घर में उपनयन संस्कार होने वाला था, जिसके कारण रिश्तेदार भी आए हुए थे, वे भी इस लूट के शिकार हो गए। घटना के बाद नवपदस्थापित एसडीपीओ धीरेंद्र कुमार एवं थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नीरज कुमार मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं। इधर रक्सौल में चर्चा का माहौल काफी गर्म है और लोग डरे-सहमे हैं।