दिल्ली। अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता - वंदे भारतम, नृत्य उत्सव की प्रतियोगिताएं वर्तमान में जोनल स्तर पर चल रही हैं। आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाए जाने वाले भारत की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में वंदे भारतम रक्षा मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय की एक अनूठी पहल है।
यह पहला मौका है जब देश भर से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन करने के लिए एक अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिन्हें नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड 2022 के दौरान प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। क्षेत्रीय कार्यक्रम 9 दिसंबर से शुरू हुए और यह 12 दिसंबर, 2021 तक चार अलग-अलग शहरों में जारी रहेंगे।
प्रथम एवं द्वितीय जोनल स्तरीय प्रतियोगिता समाप्त होने के साथ ही अब तीसरी जोनल स्तरीय प्रतियोगिता कल (11 दिसम्बर, 2021) डॉ. बी. आर. अम्बेडकर भवन, वसंत नगर, बेंगलुरु में सुबह 10.00 बजे से शुरू होगी। बेंगलुरु में तीसरे क्षेत्रीय स्तर के आयोजन के दौरान, शास्त्रीय, लोक, जनजातीय और समकालीन रूपों में भारत के संगीत / गीतों के साथ समृद्ध नृत्य रूपों को देखा जा सकेगा। विभिन्न राज्यों और दक्षिणी क्षेत्र के संघ शासित प्रदेशों के लिए आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के 25 से अधिक विजेता इस आयोजन में भाग लेंगे। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप के ग्रुप इस प्रतियोगिता में भाग लेने की योग्यता रखते हैं।