मनोरंजन
गजेंद्र सिंह की जगह अनुपम खेर होंगे पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट के नए चेयरमैन
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2017 5:19:42 PMमुंबई, (हिंस) । केंद्र सरकार ने आज एक बड़ा फैसला करते हुए अनुपम खेर को पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। अनुपम खेर यहां गजेंद्र सिंह की जगह लेंगे, जिनको केंद्र सरकार की ओर से 2015 में चेयरमैन नियुक्त किया गया था। गजेंद्र सिंह का कार्यकाल अगले साल 2018 में समाप्त होने वाला था, लेकिन इससे पहले ही सरकार ने उनकी जगह अनुपम खेर की नियुक्ति की घोषणा कर दी। गजेंद्र सिंह को जब सरकार ने इस पद पर नियुक्त किया था, तो बड़े पैमाने पर उनकी नियुक्ति का विरोध हुआ था।
इंस्टिट्यूट के छात्रों से लेकर अध्यापकों और मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के एक बड़े हिस्से में भी इस नियुक्ति पर हैरानी जताई गई थी और गजेंद्र सिंह को इस पद के लिए अयोग्य माना था, लेकिन सरकार अपने रवैये पर कायम रही और गजेंद्र सिंह को उनके पद पर बनाए रखा गया। उस वक्त अनुपम खेर भी गजेंद्र सिंह की नियुक्ति का विरोध करने वालों में से एक थे। जानकारी मिली है कि अनुपम खेर दीवाली के बाद इस नए पद का कार्यभार संभाल लेंगे। पहलाज निहलानी के बाद गजेंद्र सिंह फिल्म इंडस्ट्री के दूसरे ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी नियुक्ति पर बवाल हुआ और कार्यकाल पूरा होने से पहले ही सरकार ने दोनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट के चेयरमैन के पद पर नियुक्ति तीन साल के लिए होती है। इस लिहाज से 2020 तक खेर इस पद पर बने रहेंगे। वाजपेयी सरकार में अनुपम खेर को सेंसर बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था, लेकिन 2004 में नई कांग्रेस की सरकार आते ही खेर को इस पद से हटा दिया गया था।