बिहार
लूट के अड्डे बन गये हैं निजी अस्पताल: पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 20/1/2018 7:14:44 PM-आपका सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत सुनी फरियाद
पटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शनिवार को पारस हॉस्पिटल में ‘आपका सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत मरीजों और उनके परिजनों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बेहतर इलाज का आग्रह भी किया। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने पत्रकारों से कहा कि बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गयी है। स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के बदलने दूसरे राज्यों के दौरे में व्यस्त हैं। बदहाल सरकारी स्वास्थ्य का लाभ प्राइवेट क्लिनिक उठा रहे हैं। प्राइवेट अस्पताल और पैथोलॉजी लूट के अड्डा बन गये हैं। निजी अस्पताल मरीजों से मनमानी फी वसूल करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था एकदम बहदाल हो गयी है। कानून पर से लोगों का भरोसा उठ गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास कार्यों के बजाये जागरूकता पर बल दे रहे हैं। नशाबंदी, दहेजबंदी और बालविवाह बंदी के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इसके लिए सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है। इन संसाधनों को शिक्षा पर खर्च करके हालत में सुधार किया जा सकता है।
सांसद ने कहा कि जन अधिकार पार्टी शिक्षा माफिया और मेडिकल माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसका विस्तार जिला और प्रखंड स्तर पर किया जायेगा। पार्टी इन मुद्दों पर लगातार आंदोलन भी कर रही है। सांसद ने पारस अस्पताल में भर्ती पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह, राजेश रंजन पप्पू, राघवेंद्र कुशवाहा, एजाज अहमद, चिकित्सा सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद, आनंद मधुकर यादव, राकेश पंडित उर्फ मुन्ना, अकबर अली परवेज आदि मौजूद थे।