बिहार
ग्लेज इंडिया कंपनी में काम करने वाले 21 युवकों को छौड़ादानो थाना की सहायता से रक्सौल आपदा केंद्र में लाया गया
By Deshwani | Publish Date: 16/4/2020 7:11:21 PMरक्सौल। अनिल कुमार। ग्लेज इंडिया ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड के तहत काम करने वाले 21 युवको को छौड़ादानो थाना के द्वारा रक्सौल के आपदा केन्द्र में लाया गया है। रक्सौल में काम करने वाले ये सभी युवा बिहार के अलग-अलग जिला से रक्सौल आए थे और गेलवे कंपनी में काम करते थे। लॉकडाउन होने के बाद से कंपनी के द्वारा इन युवाओ को किसी तरह की मदद नहीं की।
जिसके कारण इन लोगों के सामने खाने-पीने की समस्या हो गयी थी। दो तीन दिन भूखे रात बिताने के बाद ये सभी युवा अपने टीम लीडर के साथ अपने-अपने घर जाने के लिए पैदल नहीं निकल पड़े थे। जिनको छौड़ादानो में थाना के द्वारा पकड़ लिया गया और इसके बाद आपदा राहत केन्द्र रक्सौल में पहुंचा दिया गया। नप के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद ने बताया कि अब तक करीब 65 लोगों को रक्सौल के आपदा केन्द्र में रखा गया है। गुरूवार को जिन 21 लोगों को यहां पर लाया गया है, उसमें एक महिला भी शामिल है। सभी की इंट्री करने के बाद भोजन उपलब्ध कराया गया है और इनके यहां पर रहने की उचित व्यवस्था कर दी गयी है।
कैंप में पहुंचे सभी का आरोप था कि कंपनी के प्रतिनिधि एनामुल हक के द्वारा फोन नहीं उठाया जा रहा था। चार-पाँच दिन हमलोग इधर-उधर से पैसा मांग कर खाये है। जब कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखा तो हमलोगों ने पैदल ही घर जाने का ठान लिया। राहत आपदा केन्द्र में पहुंचने पर इन लोगों ने राहत की सांस ली है। आपदा केन्द्र पर मौजूद राकेश रंजन, सोनू मंडल, बैजू जायसवाल आदि ने बताया कि कैंप में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका ख्याल रखा जा रहा है। इन सब के बीच कैंप में महिलाओ की संख्या करीब 5 हो गयी है। जिसके बाद प्रशासन से कैंप में महिला पुलिस बल के प्रतिनियुक्ति की भी मांग की गयी है।