मोतिहारी के हरसिद्धि में गर्भवति बहू की टीवी व फ्रिज के लिए गला दबाकर की हत्या, ससुराल वाले फरार
मोतीहारी/हरसिद्धि। आशा कुमारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र की ओलहा मेहता टोला पंचायत के मिश्र टोला गांव में मंगलवार की रात दहेज के लिए गर्भवती महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप ससुरालियों पर लगा है। मृतका रूपा देवी ( 26 वर्ष ) मिश्र टोला गांव निवासी मिट्ठू गिरी की पुत्रवधू तथा राकेश गिरी की पत्नी थी।
सूचना पर सदल पहुची हरसिद्धि थाना पुलिस-
सूचना पाकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, एएसआई शिवकुमार साह, चौकीदार तफ़्सीर आलम, रामाधार पासवान एवं सैप बल के जवान घटनास्थल पर बुधवार की सुबह पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांचोपरांत पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया।
रूपा को एक पुत्र और वह 5 माह की गर्भवती थी-
हत्या की खबर सुनकर मृतका के पिता मलाही थाना क्षेत्र के सिरनी मठिया गांव निवासी नवल किशोर गिरि काफी गमगीन हो गये हैं। उन्होंने बताया कि अपनी बड़ी बेटी रूपा की शादी 14 मई 2015 को हरसिद्धि थाना क्षेत्र के ओलहा मेहता टोला पंचायत के मिश्रा टोला निवासी मिठु गिरि के पुत्र राकेश गिरि से की थी। शादी के बाद से ससुराल वाले उसे दहेज में सिकड़ी, फ्रीज, वाशिंग मशीन के लिए प्रताड़ित करते थे। 1 दिसंबर 2017 को उसका दोंगा किया गया था। उन्होंने बताया कि रूपा को 2 साल का एक लड़का है और वह 5 माह की गर्भवती थी।
ससुराल के लोग फरार-
आज सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी को ससुराल वालों ने हत्या कर दी। उन्होंने अपने दामाद राकेश गिरि, समधी मिठू गिरि, समधीन, जेठानी, ननद व परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के ससुराल वाले फरार हैं। मायके वाले पोस्टमार्टम कराने गए हैं। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी। तब तक अनुसंधान के साथ-साथ अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।