बिहार
चोरी के आरोप में महिला को निर्वस्त्र कर पति के सामने घंटों पीटती रही भीड़
By Deshwani | Publish Date: 20/7/2019 1:17:33 PMहाजीपुर। प्रदेश में मॉब लिंचिंग की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। छपरा और वैशाली के बाद अब हाजीपुर में हिंसक भीड़ ने चोरी का आरोप लगा कर एक महिला को निर्वस्त्र कर पति के सामने ही पीटा। इस दौरान पति ने बीच बचाव का प्रयास किया तो लोगों ने उसकी भी पिटाई की।
जानकारी के अनुसार हरौली स्थित बूढ़ी मईया मंदिर में किसी महिला की सोने की चेन चोरी हो गई जिसका आरोप पीड़ित महिला पर लगाया गया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद फोन करके महिला के पति को भी मंदिर में बुलाया गया और बंधक बनाकर उसकी भी पिटाई की गई।
बताया जा रहा है कि पिटाई के दौरान लोगों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और सामूहिक दुष्कर्म की भी धमकी दी। हालांकि, जो चेन चोरी करने का आरोप महिला पर लगाया गया था वह उसके पास से बरामद नहीं हुई। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के द्वारा महिला और उसके पति को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।