बिहार
बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी, सैप जवान की गोली मारकर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 4/7/2019 1:18:03 PM
गया। प्रदेश में अपराधियों का तांडव जारी है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर रहे हैं। इतना ही नहीं वह अब पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में गया जिले के विष्णुपद थाना क्षेत्र के फलगू पुल के निकट अपराधियों ने स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (सैप) जवान की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि मुफस्सिल थाना पुलिस कल देर रात फलगू पुल के निकट गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोगों को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तब फलगू पुल के निकट अपराधियों ने सैप जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सैप जवान की पहचान मधुबनी जिला निवासी सियाराम महतो के रूप में की गई है। सियाराम महतो मुफस्सिल थाना में सैप जवान के पद पर पदस्थापित थे।
मौके से अपराधियों की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस सिलसिले में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।