बिहार
दिघवारा स्टेशन पर यात्रियों ने किया हंगामा
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2017 1:30:53 PMछपरा (सारण), (हि.स.)। पूर्व मध्य रेलवे के दिघवारा स्टेशन पर यात्रियों ने सोमवार की सुबह जमकर हंगामा किया और बवाल मचाया। सोनपुर से छपरा आने वाली पैसेंजर ट्रेन का परिचालन रद्द करने से यात्री आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे।
ट्रेन के आने के लिए निर्धारित समय पर काफी संख्या में यात्रियों की भीड़ जमा थी। एक घंटे तक यह घोषणा होती रही कि ट्रेन आ रही है। आने वाली है। दस मिनट विलंब से आएगी। फिर आधा घंटा विलंब से आगमन की सूचना दी गई। पुनः बताया गया कि एक घंटे विलंब से आएगी। अंत में एक घंटे बाद ट्रेन का परिचालन रद्द करने की सूचना प्रसारित किया गया। इस वजह से यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में किसी तरह समझा बुझा कर मामले को शांत कराया गया।
पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के अधिकारियों की मनमानी तथा लापरवाही के कारण छपरा-सोनपुर रेल खंड के स्टेशनों पर यात्रियों का हंगामा कोई नई बात नहीं है। इस वजह से न केवल यात्रियों को परेशानी हो रही है बल्कि रेलवे प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। रेल कर्मियों की कार्य प्रणाली और व्यवहार से यात्रियों में आक्रोश बढ़ रहा है। दिघवारा स्टेशन के यात्रियों का कहना है कि रेल कर्मी कभी भी सही सूचना नहीं देते हैं।