बिहार
पूर्वी चंपारण: स्कूल के नाइट गार्ड की चाकू से गोदकर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 27/5/2022 9:38:05 PMमोतिहारी। पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की वृंदावन पंचायत के सिसवा बसंत गांव निवासी अभिनय यादव (22 वर्ष) की गुरुवार रात बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अभिनय माध्यमिक उच्च विद्यालय सिसवा बसंत में नाइट गार्ड था। मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई अभिनंदन के आवेदन पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अभिनय की मां बिन्दु देवी ने बताया कि उनका पुत्र खाना खाकर विद्यालय में सोने चला गया। रात में लघुशंका के लिए कमरे से बाहर निकला। इसी दौरान आरोपियों ने उसे पकड़ कर गर्दन में गमछा फंसा दिया। जब अभिनय भागने का प्रयास किया तो उसके कलेजे में चाकू मार दिया। स्कूल से मृतक के घर की दूरी करीब चार सौ मीटर है। चाकू लगने के बाद खून से लथपथ अभिनय अपने घर के दरवाजे पर आकर बचाओ, बचाओ चिल्लाने लगा। जब घर के लोग जगे तो देखा कि उसके शरीर से काफी खून बह रहा है। इसी बीच वह घर के आंगन में गिर गया। अभिनय ने हमला करनेवालों के नाम भी बताये। इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई।