बिहार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज का हमला- बारिश से हुई तबाही के लिए नीतीश-सुशील मोदी हैं जिम्मेदार
By Deshwani | Publish Date: 4/10/2019 4:02:01 PMपटना। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने पिछले दिनों भारी बारिश के कारण बिहार की राजधानी पटना में हुए जलजमाव के लिए आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को जिम्मेवार ठहराया है।
केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि पटना में बारिश से तबाही के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जिम्मेवार हैं। इसके साथ ही उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने में भेदभाव करने का आरोप लगाया और कहा कि मुंह देखकर राहत सामग्री का वितरण न किया जाए।
बता दें कि इससे पूर्व बुधवार को केंद्रीय मंत्री ने पटना में जलजमाव के लिए बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा था कि इस बुरे हालात के लिए केवल प्रकृति को जिम्मेवार नहीं ठहराया जा सकता। यह तो व्यवस्था और प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है। राज्य सरकार ने सिर्फ लोगों को अलर्ट किया लेकिन जल निकासी के लिए स्वयं अपडेड नहीं हुई। उन्होंने इसे अपनी आंतरिक पीड़ा भी बताया था।