वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में वैशाली थाना क्षेत्र के दाऊदपुरगांव में कथित छेड़खानी का विरोध करने वाले एक ही परिवार के 16 सदस्यों पर दबंगों ने तेजाब फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्चों के मामूली विवाद में दाऊदपुर गांव के दो परिवार आपस में भिड़ गये। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। उसके बाद एक परिवार के सदस्यों ने गुस्से में दूसरे परिवार की तीन महिला समेत 16 लोगों पर तेजाब फेंक दिया। घायलों में रूपा कुमार, चंद्रकला देवी, गुड़िया देवी, जय प्रकार सिंह, रवींद्र भगत, देवेंद्र भगत, मनोज भगत, अनिल भगत, नवल किशोर सिंह, पिंटू भगत, अर्जुन कुमार, रोशन कुमार, महेश शाह और रामानंद समेत 16 लोग शामिल हैं। घायलों में दो महिला की स्थिति नाजुक बताई जाती है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घायल परिवार का आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर उनके परिवार के सदस्यों के ऊपर तेजाब फेंक दिया गया है। घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।