बिहार
सीवान में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस पलटने से 6 लोगों की मौत, कई घायल
By Deshwani | Publish Date: 13/5/2019 2:13:58 PMसीवान। गोपालगंज-सीवान मुख्य मार्ग पर अम्लोरी सरसर गांव के समीप आज सुबह एक तेज रफ्तार बस के पलट जाने से छह लोगों की मौत हो गयी। जबकि, दो दर्जन से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल है। हादसे की शिकार हुई बस गोपालगंज से सीवान आ रही थी। तभी अनियंत्रित होकर पलट गयी।
जानकारी के मुताबिक हादसे में चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि दो लोगों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। मिल रही सूचना के मुताबिक, इस हादसे में घायल हुए लोगों में से कईयों की हालत गंभीर बनी हुई है। बस पलटते ही घटनास्थल पर चीत्कार मच गयी। जानकारी के मुताबिक बस के नीचे अभी भी बहुत सारे लोग दबे हुए हैं, सभी घायलों को सीवान सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. एसपी नवीन चंद्र झा ने बताया कि मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है। उन्होंने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों का शिनाख्त नहीं हो सका है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव का कार्य शुरू किया, साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।