ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
बिहार
लोकसभा चुनाव: 5 सीटों पर मतदान जारी; सोनपुर में ईवीएम तोड़ा, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें
By Deshwani | Publish Date: 6/5/2019 11:33:01 AM
लोकसभा चुनाव: 5 सीटों पर मतदान जारी; सोनपुर में ईवीएम तोड़ा, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें

पटना। बिहार में पांचवें चरण की 5 सीटों पर आज मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। सारण जिले के सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के नयागांव के बूथ संख्या 131 पर रंजीत पासवान ने ईवीएम तोड़ दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। ईवीएम को बदला गया है।  

 
आज सीतामढ़ी, मधुबनी, सारण, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर सीट के लिए वोटिंग हो रही है। इस चरण में राजीव प्रताप रूडी, शकील अहमद समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर है। 
 
लाइव अपडेट
 
मुजफ्फरपुर बूथ संख्या 21 पर ईवीएम खराब होने के चलते मतदान बाधित। मतदाताओं ने किया हंगामा। यहां ईवीएम बदला जा रहा है।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने हाजीपुर के कर्णपुरा गांव के स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
 
मुजफ्फरपुर के गायघाट के बूथ संख्या 98 पर ईवीएम खराब होने के चलते वोटिंग शुरू होने में देर।
 
सीतामढ़ी जिले के बूथ नं. 152 पर ईवीएम खराब होने के चलते वोटिंग शुरू होने में देर हुई है।
 
वोटिंग प्रतिशत
 
समय                                  सीतामढ़ी             मधुबनी              सारण             मुजफ्फरपुर           हाजीपुर
8 बजे                                  5%                    2.5%                 4.25%           3.58%                4%
 
9 बजे                                  7.2%                 9.2%                  13%             6.35%                9%
 
10 बजे                                5%                    13%                   17%             14.10%              6%
 
मैदान में हैं 82 उम्मीदवार
 
5 सीटों पर 82 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 22 मुजफ्फरपुर और सबसे कम 11 उम्मीदवार हाजीपुर से किस्मत आजमा रहे हैं। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में इन 5 सीटों में से सभी सीटों पर एनडीए ने जीत दर्ज की थी। मधुबनी, मुजफ्फरपुर और सारण में भाजपा, सीतामढ़ी में रालोसपा और हाजीपुर में लोजपा ने जीत दर्ज की थी।
 
इस चरण में सबसे हॉट सीट सारण है। लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप के विरोध की वजह से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे उनके ससुर चंद्रिका राय की राह मुश्किल नजर आ रही है। उनका मुकाबला भाजपा के राजीव प्रताप रूडी से है। कुल 87.49 लाख मतदाता 8899 बूथों पर मतदान करेंगे। 65,000 कर्मचारियों के साथ-साथ 4349 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। 400 जगहों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। बिहार में पिछले चार चरणों में 19 सीटों पर मतदान हो चुका है।
 
 
पांचों सीट पर एक नजर-
 
सीतामढ़ी
 
सीतामढ़ी सीट पर एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला माना जा रहा है। 2014 में जदयू से चुनाव लड़ने वाले अर्जुन राय को राजद ने टिकट दिया। एनडीए में जदयू की तरफ से सुनील कुमार पिंटू मैदान में हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में एनडीए में यह सीट रालसोपा के पास थी और राम कुमार शर्मा ने जीत का परचम लहराया था। अर्जुन 2009 में इस सीट से जदयू के टिकट पर सांसद रह चुके हैं। सुनील भाजपा के टिकट पर चार बार विधायक रहे। अब भाजपा छोड़कर जदयू की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं।
 
मधुबनी
कांग्रेस नेता शकील अहमद के निर्दलीय चुनावी मैदान में कूदने के बाद मधुबनी लोकसभा सीट पर एनडीए और महागठबंधन का समीकरण बिगड़ गया। इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। महागठबंधन में वीआईपी के टिकट पर राजद के पूर्व नेता बद्रीनाथ पूर्वे और एनडीए ने यहां से चार बार सांसद रहे हुक्मदेव नारायण यादव के बेटे अशोक कुमार यादव को टिकट दिया। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शकील अहमद का मधुबनी के कई क्षेत्रों में मजबूत पकड़ है। ऐसे में उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने से महागठबंधन को नुकसान हो सकता है।
 
सारण
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का गढ़ रहे सारण संसदीय क्षेत्र में इस बार एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला है। राजद ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय के बेटे और तेजप्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय को टिकट दिया। एनडीए की तरफ से भाजपा के टिकट पर राजीव प्रताप रूडी मैदान में हैं। तेजप्रताप सोशल मीडिया पर अपने ससुर के खिलाफ खुलकर विरोध कर रहे हैं। रूडी ने 2014 में यहां से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को शिकस्त दी थी। उस वक्त जदयू अलग चुनाव लड़ रही थी। इस बार दोनों साथ हैं। ऐसे में परिवार के अंदर हो रहे विरोध और भाजपा-जदयू के साथ मिलकर चुनाव लड़ने से चंद्रिका राय को नुकसान हो सकता है।
 
मुजफ्फरपुर
शाही लीची के लिए प्रसिद्ध बिहार के मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट पर दो निषादों के बीच सीधी लड़ाई है। एनडीए में हुए सीट शेयरिंग के बाद यह सीट भाजपा के खाते में आई और पार्टी ने यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन जयनारायण निषाद के बेटे अजय निषाद को टिकट दिया। 2014 में भी अजय इस सीट से सांसद चुने गए थे। महागठबंधन की मुकेश सहनी की विकासशील इंसाफ पार्टी यहां से चुनाव लड़ रही है। वीआईपी उपाध्यक्ष डॉ. राजभूषण निषाद इस सीट से मैदान में हैं।
 
हाजीपुर
अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हाजीपुर लोकसभा सीट पर केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान का दबदबा रहा। एनडीए में हुए सीट शेयरिंग के बाद यह सीट लोजपा के खाते में आई है। चूंकि रामविलास पासवान ने इस बार चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई थी, इसलिए पशुपति कुमार पारस को टिकट दिया गया। राजद की तरफ से राजा पाकड़ से विधायक शिवचंद्र राम मैदान में हैं।
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS