बिहार
शत्रुघ्न सिन्हा ने थामा कांग्रेस पार्टी का 'हाथ', पटना साहिब से लड़ सकते हैं चुनाव
By Deshwani | Publish Date: 6/4/2019 2:17:22 PMपटना। भाजपा के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा आज कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कुछ अन्य नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सिन्हा ने गत 28 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी और उसी समय उनका पार्टी में शामिल होना लगभग तय हो गया था। सिन्हा पिछले लोकसभा चुनाव में पटना साहिब से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते थे।
हालांकि, उन्होंने पिछले कुछ वर्षों से बागी रुख अख्तियार कर रखा था। पिछले दिनों बीजेपी ने उनकी जगह कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को पटना साहिब से अपना उम्मीदवार घोषित किया। हाल के कुछ महीनों में सिन्हा ने कई मौकों पर कांग्रेस अध्यक्ष की तारीफ की है। उन्होंने कांग्रेस के न्यूनतम आय योजना (न्याय) के चुनावी वादे को मास्टर स्ट्रोक बताया था।