बिहार
भाजपा चुनाव समिति की बैठक संपन्न, तीन नेता चुनेंगे लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार
By Deshwani | Publish Date: 14/3/2019 4:03:45 PMपटना। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सभी राजनैतिक पार्टियां उम्मीदवारों के चयन में जुट गई है। इसी क्रम में आज भाजपा चुनाव समिति की बैठक पटना स्थित भाजपा कार्यालय में हुई। 28 सदस्यीय टीम बैठक में मौजूद रही, जो दोपहर तक चली।
भाजपा के प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नामों की सूची तैयार की गई। इस सूची को केंद्रीय समिति को भेज दिया गया है। इसके साथ ही चुनाव समिति ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। इस टीम में भाजपा नेता सह उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, प्रेम कुमार और नित्यानंद राय को लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों के चयन के लिए अधिकृत किया गया हैं। इस बैठक के बाद किस सीट पर कौन उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा ये एक दो दिन में तय हो जाएगा।
इस बैठक में भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, सुशील कुमार मोदी, नित्यानंद राय के साथ प्रदेश चुनाव समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। गौरतलब है कि बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटों पर चुनाव होने है, जिनमें से 17-17 सीटों पर भाजपा और जदयू चुनाव लड़ेंगी। वहीं 6 सीटें लोजपा के खाते में गई है।