बिहार
मछलियों की बिक्री पर लगा बैन हटा, मानक से अधिक फॉर्मलीन पाए जाने पर सरकार ने लगाई थी रोक
By Deshwani | Publish Date: 30/1/2019 3:03:49 PMपटना। बिहार सरकार ने आंध्र प्रदेश की मछलियों के आयात और बिक्री से आज प्रतिबंध हटा लिया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मछली बैन के बाद बिहार सरकार को एक पत्र लिखा था और मछलियों में फॉर्मलीन नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद बिहार सरकार ने चीफ सेक्रेट्री की अगुवाई में एक कमेटी बनाई थी जिसे जांच के लिए आंध्र प्रदेश भेजा गया था।
बिहार की टीम ने स्थानीय फूड ऑफिसर के साथ मछलियों की जांच की और सरकार को रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार ने आंध्र की मछलियों की बिक्री पर से रोक हटाने का फैसला किया है। आंध्र की मछली बैन होने के बाद मछुआरों के व्यवसाय में भारी गिरावट आई थी।
14 जनवरी को पटना नगर निगम क्षेत्र में लोकल और बाहरी दोनों तरह की मछलियों की बिक्री और भंडारण पर सरकार ने रोक लगा दी थी। मछलियों में मानक से अधिक फॉर्मलीन, कैडमियम, लेड और मरकरी की मात्रा पाए जाने पर सरकार ने ये कदम उठाया था। मछली विक्रेता संघ के विरोध के बाद सरकार ने 4 दिनों बाद लोकल मछलियों की बिक्री से प्रतिबंध हटा लिया था लेकिन आंध्र से आने वाली मछलियों पर रोक बरकरार थी।