बिहार
बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, राफेल डील बोफोर्स का ग्रेट ग्रैंड फादर बन चुका है
By Deshwani | Publish Date: 26/9/2018 12:43:46 PMपटना। राफेल विमान सौदे को लेकर उठा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा नेता व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा मोदी सरकार से चिपक गया है। इस विवाद के कारण प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता खतरे में पड़ गया है। सिन्हा ने कहा कि राफेल डील बोफोर्स घोटाले का ग्रेट ग्रैंड फादर बन चुका है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार को इस मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देना चाहिए लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों से भ्रष्टाचार मुक्त रही मोदी सरकार को किसी की नजर लग गई है। सरकार इस विवाद से विपक्ष का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा सांसद ने कहा कि राफेल विमान सौदे को लेकर उठा विवाद मोदी सरकार की परेशानियों का कारण बन गया है। इस मुद्दे की जांच करने के लिए ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी का गठन करना चाहिए ताकि सच सबके सामने आ सके। इसके अतिरिक्त सिन्हा ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे का असर आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिलेगा।