बिहार
आईआरसीटीसी टेंडर घोटाला: पटियाला हाउस कोर्ट ने तेजस्वी-राबड़ी को दी जमानत
By Deshwani | Publish Date: 31/8/2018 11:31:42 AMनई दिल्ली। बहुचर्चित आईआरसीटीसी घोटाला में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आज बड़ी राहत मिली है। आईआरसीटीसी स्कैम से जुड़े मामले में पटियाला हाउस अदालत ने दोनों को जमानत दे दी है। राबड़ी और तेजस्वी यादव आज कोर्ट के सामने पेश हुए। अदालत ने दोनों को एक लाख के बांड पर जमानत दे दी। कोर्ट के सामने लालू यादव को भी पेश होना था, लेकिन वे कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इसके चलते उन्हें जमानत नहीं दी गई।
मामले की अगली सुनवाई छह अक्टूबर को होगी। कोर्ट से राहत भरी खबर आने के बाद पार्टी प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि ये कानूनी लड़ाई है। हम इसे कानूनी तरीके से लड़ेंगे और जीतेंगे। आपको बता दें कि सीबीआई की तरफ से इस मामले में चार्जशीट दायर करने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट ने सभी को समन भेजा था। इनमें लालू, राबड़ी और तेजस्वी का नाम भी था। क्योंकि लालू रिम्स में हैं, इसलिए वो नहीं आ पाएंगे।
गौरतलब है कि ये मामला 2006 में रांची और पुरी में दो आईआरसीटीसी होटलों के अनुबंधों के आवंटन में कथित अनियमितताओं से संबंधित है, जिसमें आरोप है कि रेल मंत्री रहते लालू ने एक निजी कंपनी द्वारा पटना में एक महत्वपूर्ण जगह पर तीन एकड़ का व्यावसायिक प्लॉट बतौर रिश्वत लिया था।
ज्ञात हो कि कल ही पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने रांची कोर्ट में सरेंडर कर दिया। हालांकि, जेल के बाद उन्हें रिम्स अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। काफी लंबे समय के बाद रिम्स अस्पताल पहुंचे लालू यादव की पहली रात करवटें बदलते हुए बीती।