बिहार
सोन नहर पक्कीकरण योजना को एडीबी की हरी झंडी, जल्द शुरू होगा काम
By Deshwani | Publish Date: 10/7/2018 4:02:25 PMपटना। शाहाबाद में सोन नहर प्रणाली की पक्कीकरण योजना को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की हरी झंडी मिल गई है। एडीबी इस परियोजना के लिए 2290 करोड़ की मदद देगा। पूरी परियोजना पर 3272.49 करोड़ खर्च होगा। कल विद्युत तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री आर.के. सिंह के साथ बैठक में एडीबी ने यह जानकारी दी। सिंह ने अपने कार्यालय में सोन नहर प्रणाली के पक्कीकरण प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा हेतु एडीबी अधिकारियों व वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एडीबी के प्रतिनिधियों ने बताया कि एडीबी ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
आर.के. सिंह ने एडीबी के प्रतिनिधियों व निर्माण मंत्रालय के अधिकारियों से कहा कि परियोजना के विभिन्न चरणों को संपन्न करने हेतु समय सीमा तय की जानी चाहिए। साथ ही कंसलटेंट की बहाली के बाद की प्रक्रियाएं जैसे कि डिजाइन अध्ययन, हितधारकों से परामर्श, फिजिबिलिटी रिपोर्ट, डेंटर प्रपत्र तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। यही नहीं पहले चरण में मुख्य नहर व ब्रांच नहरों के लाइनिंग का टेंडर अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक निकाला जाए। बैठक में तय हुआ कि वित्त मंत्रालय का आर्थिक कार्य विभाग कंसल्टेंट बहाल करने के लिए स्वीकृति दे देगा और फिर एडीबी के कंसल्टेंट जुलाई के अंत तक अपना काम शुरू कर देंगे।
बैठक में एडीबी के प्रतिनिधियों व अन्य अधिकारियों ने केन्द्रीय मंत्री को यह आश्वासन दिया कि समस्त औपचारिकताएं पूरी करके प्रथम चरण की निविदा अक्तूबर के प्रथम सप्ताह तक निकाल दी जाएगी। सिंह ने कहा कि इस योजना के कार्यान्वित हो जाने पर बिहार के शाहाबाद के कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा।