बिहार
पुलिस थाने पर ग्रामीणों का हमला, महिला पुलिसकर्मी सहित चार घायल
By Deshwani | Publish Date: 28/6/2018 11:28:08 AMपटना। ग्रामीणों ने कल देर रात अचानक सोनपुर थाना पर हमला कर दिया जिसमें एक महिला सहायक सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक थाने के जैतिया गांव के एक छात्र कुंदन कुमार सिंह की हत्या मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने पथराव किया।
घटना कल रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। सोनपुर थाने के जैतिया निवासी छात्र कुंदन कुमार सिंह की हत्या मामले में पुलिस द्वारा दो युवकों को हिरासत में लिए जाने के बाद रात्रि करीब एक बजे थाने पर हुए पथराव की घटना में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनपुर में कई थानों की पुलिस कैम्प कर रही है। नयागांव, दरियापुर, दिघवारा थाने की पुलिस के अलावा हरिहरनाथ और पहलेजा ओपी की पुलिस सोनपुर थाने पर कैम्प कर रही है।
मालूम हो कि कुंदन हत्याकांड में सोनपुर पुलिस में सोनपुर के बरबट्टा और पटेलनगर से एक-एक युवक को गिरफ्तार किया था। दोनो की गिरफ्तारी से आक्रोशित उन दोनों के मोहल्ले के लोग बुधवार की रात दस बजे से ही सोनपुर थाने पर जुटने लगे थे।
रात्रि एक बजे उन्होंने थाने पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से एएसआई रंजना कुमारी सहित चार पुलिस कर्मी चोटिल हो गए। पुलिस ने बल प्रयोग कर पथराव करने वालों को खदेड़ा। उसके बाद चोटिल पुलिस कर्मियों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। इस मामले को।लेकर पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है।