बिहार
बांका में तीन सगी बहनों की गला रेतकर हत्या, गांव में पसरा सन्नाटा
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2018 12:33:42 PMपटना। बिहार के बांका के कटोरिया के कादरा में एक साथ तीन सगी बहनों के शव मिले हैं। तीनों की हत्या गला रेतकर की गई है। तीन सगी बहनों की हत्या होने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि देर रात तीनों बहनें घर में सो रही थीं इसी बीच अज्ञात लोग घर में घुस गये और तीनों की हत्या कुल्हाड़ी से काट के कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कुल्हाड़ी, कुदाल समेत अन्य चीजें मिली हैं। तीनों बहनों के साथ रेप करने के बाद उनकी हत्या करने की बात दबी जुबान से बताई जा रही है।
मृतक बहनों के पिता कामेश्वर यादव बाहर रहते हैं वहीं मां कुछ दिनों पहले ही तीनों को घर में अकेला छोड़कर अपने मायके गयी थीं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। एसपी चंदन कुशवाहा ने घटना की पुष्टि की है और कहा कि जल्द ही अपराधियों का पता लगा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकता है। फिलहाल घटनास्थल पर एसपी चन्दन कुशवाहा समेत अन्य पदाधिकारी पहुंचे हैं।