बिहार
दलहन फसल के समर्थन मूल्य नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 28/5/2018 3:58:20 PMमोकामा। मोकामा में आज किसानों को दलहन फसल के समर्थन मूल्य नहीं मिलने और क्षेत्र में क्रय केंद्र नहीं खोले जाने से नाराज सैकड़ों किसानों ने मोकामा, बाढ़ और लखीसराय में सड़क जाम कर दिया है। इससे जिले के विभिन्न रेलमार्ग और सड़क मार्ग बाधित हो गया। किसानों ने रेलवे स्टेशनों पर भी प्रदर्शन किया जिस कारण कई ट्रेन अन्य स्टेशनों पर खड़ी रही। वहीं, यात्री भी जाम और गर्मी की वजह से हलकान दिखे।किसानों के प्रदर्शन से एनएच 80 पर भी ट्रकों की लंबी कतार लगी थी।
किसानों ने विभिन्न स्टेशनों पर पहुंच कर रेल को बाधित किया और रेल का चक्का जाम भी कर दिया। यही नहीं उन्होंने रेलवे के पूछताछ केंद्र और टिकट काउंटर को भी बंद करा दिया। एनएच 80 पर भी यही हाल दिखा। ट्रक की लंबी लाइन सड़कों पर दिखी। वहीं, यात्री भी जाम और गर्मी की वजह से काफी परेशान दिखे।
इस दौरान मोकामा में एक ट्रक में भीषण आग लग गया। बताया जाता है कि ट्रक के पीछे डाले में खाना बनाया जा रहा था। तभी अचानक ट्रक में आग लग गई. ट्रक धूं-धूं कर जलने लगी। हालांकि स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
किसानों द्वारा बंद का काफी असर दिख रहा है। किसानों ने नगर पंचायत, प्रखंड मुख्यालय, कृषि और बैंक समेत कई कार्यालयों को बंद करा दिया। यहां पूर्णतः कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस बंद के दौरान गश्ती करते नजर आये। पुलिस मुस्तैदी से लगी है जिससे की कोई अप्रिय घटना न हो सके।