पटना। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह विमान से देर शाम इराक से लाये गए छह में से पांच बिहारियों के शवों के अवशेषों के साथ पटना हवाईअड्डा पहुंचे। प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार ने मृतकों के शवों पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं दो परिवारों ने शवों को लेने से इनकार कर दिया है। ये दोनों परिवार सीवान जिले के हैं।
मृतक सुनिल कुमार सिंह की पत्नी पूनम देवी का कहना है कि उनके पति अकेले घर में कमाने वाले थे और उनके गुजर जाने के बाद सरकार हमारे बच्चे को नौकरी दे। वहीं मृतक अदालत सिंह के भाई श्याम कुमार का कहना है कि हम अपने भाई के शव को लेकर तब तक घर नहीं जाएंगे जब तक सरकार हमारे परिवार की आर्थिक मदद का आश्वासन नहीं दे देती है।
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने कहा कि इराक में मारे गए बिहार के छह लोगों में से पांच के डीएनए का मिलान हो गया है और राजू यादव नाम के व्यक्ति के डीएनए मिलान पूरी तरह नहीं हो सका है। नीतीश ने राज्य के गृह विभाग को मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये सहायता के तौर पर देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही अतिरिक्त मुख्य सचिव को मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मदद के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया।
ज्ञात हो कि श्रम संसाधन विभाग मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये सहायता राशि के रूप में उपलब्ध करा चुका है। हवाईअड्डे पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, कृषि मंत्री प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधान पार्षद संजय मयूख, पुलिस महानिदेशक एस के द्विवेदी, गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी, श्रम संसाधन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चंद्रा, जिलाधिकारी कुमार रवि, पटना के पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।