बिहार
आदापुर स्टेशन पर टहल रहे शिक्षक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर, मची सनसनी
By Deshwani | Publish Date: 16/2/2018 5:47:42 PMमोतिहारी। आशा कुमारी
रक्सौल रेल थानाअन्तर्गत आदापुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नम्बंर एक पर मार्निंग वाॅक कर रहे शिक्षक चैन प्रसाद को शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल शिक्षक को रक्सौल डंकन अस्पताल में प्राथमिक ईलाज के बाद बीरगंज नेपाल रेफर किया गया है। घटना की पुष्टि रक्सौल रेल थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने की। उन्होंने बताया कि घायल शिक्षक ने घटना में कुख्यात अपराधी नेक मोहम्मद उर्फ आश मोहम्मद व भोला पड़ित औरईयाॅ आदापुर निवासी के हाथ होने का खुलासा किया है। रेल पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधियों ने आगे व पीछे से ताबड़तोड़ गोली चला कर पैदल भाग निकले।
गोलीबारी की आवाज सुन कर लोग जुटे व शिक्षक की पहचान करके तत्काल ईलाज के लिए डंकन अस्पताल लाये। घायल शिक्षक ने गोली मारने का कारण पुरानी दुश्मनी बताया है। घटना के बाद आदापुर स्टेशन पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी। शिक्षक को दो गोली मारे जाने का निशान पाया गया है। घटना के बाद स्टेशन पर पुलिस गश्त तेज कर फरार अपराधी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी करने में जुटी है। घायल शिक्षक श्यामपुर प्राथमिक विधालय मे पदस्थापित हैं। उनका घर भी श्यामपुर गाँव में है। जबकि दोनों अपराधी औरईयाॅ आदापुर के निवासी बताये जाते हैं।