बिहार
बेगूसराय में घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 28/10/2019 10:57:47 AMबेगूसराय। बेगूसराय में हत्याओं का दौर लगातार जारी है। रविवार की रात एक ओर जहां लोग दीपावली मना रहे थे दूसरी ओर जिले के सिंघौल ओपी क्षेत्र के मचहा गांव में घर में घुसकर एक व्यक्ति ने तीन लोगों को गोलियों से भून डाला। कुणाल कुमार सिंह, उसकी पत्नी कंचन देवी एवं उसकी पुत्री सोनम कुमारी की हत्या कुणाल के अपने भाई ने ही कर दी।
जानकारी के अनुसार दीपावली की रात करीब दस बजे कुणाल सिंह अपनी पत्नी और पुत्री के साथ घर में खाना खा रहा था। तभी विकास पिस्टल लेकर घर में घुसा और तीनों को भून डाला। पटाखों के शोर के कारण लोगों को गोली की आवाज का पता नहीं चल सका। घर में तीनों की हत्या करने के बाद अपराधी ने बाहर पटाखा फोड़ रहे कुणाल सिंह के पुत्र शिवम कुमार को भी मारने के लिए पिस्टल सटायी लेकिन गोली खत्म हो जाने के कारण उसकी जान बच गई और वह घर की ओर भाग गया। इस दौरान शिवम ने अपने छोटे भाई सत्यम को भी भगा दिया।
सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुख्यालय डीएसपी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा अरुण सिंह को एकमात्र लड़का था, जो वर्षों पूर्व कहीं गायब हो गया। इसके बाद अरुण सिंह कुणाल को अधिक मानने लगे थे जिसके कारण कुणाल के भाई विकास ने चार साल पहले अपने चाचा और तीन साल पहले चाची की हत्या कर दी। इसके बाद सभी जमीन पाने के चक्कर में उसने अपने भाई को भी सपरिवार खत्म करने का प्रयास किया। इस दौरान उसने अकेले ही घर में घुसकर अपने भाई, भाभी और भतीजी की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि गोली मारने के बाद फरार विकास कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस तिहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी का माहौल फैल गया है।