बिहार
बेखौफ बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 28/6/2019 1:19:29 PM
बेगूसराय। जिले के बीहट में गुरुवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोलियों से भून डाला। वहीं गोली की आवाज सुन बेटे को बचाने आई मां को भी अपराधियों ने गोली मार दी, जिन्हें एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गम्भीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान बीहट के मकससपुर टोला निवासी शिवो सिंह के पुत्र अमरजीत कुमार उर्फ बुद्धन के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार देर रात बदमाश बुद्धन के घर पहुंचे और दरवाजे पर बंधी गाय को खोलकर भगाने लगे। गाय की आवाज सुनकर बुद्धन बाहर निकला तो बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। वहीं गोली की आवाज सुनकर बाहर निकली मां पर भी अपराधियों ने गोलियां चला दीं, जिससे उन्हें तीन गोली लगी है, जबकि बुद्धन को 15 से अधिक गोली लगी हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार गोली मारने वाला अपराधी मृतक का रिश्तेदार है। उससे पुराना परिवारिक विवाद की बातें कही जा रही है। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि मृतक अवैध शराब कारोबार के चलते जेल में था। उसे फिर से इसी कारोबार में शामिल होने के लिए शराब माफिया दबाव बना रहे थे। पुलिस के अनुसार बुद्धन पर कई मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।