बिहार
सुशील मोदी का राजद पर तंज, बताए अपराध का राजनीतिकरण किसने किया?
By Deshwani | Publish Date: 23/9/2018 12:29:16 PMपटना। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने ट्वीट कर राजद पर तंज कसते हुए कहा कि हत्या की चुनिंदा घटनाओं पर बयानबाजी करने से पहले राजद को बताना चाहिए कि शहाबुद्दीन और रीतलाल यादव जैसे बाहुबलियों को नेता बनाकर अपराध का राजनीतिकरण किसने किया?
सुशील मोदी ने कहा कि लालू-राबड़ी के शासन में जिन ताकतों का दुस्सासह बढ़ाया गया, उनके रक्तबीजों का सफाया करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। राजधानी में जो शूटर मारा गया उसके तार भी राजनीतिक फंडिंग करने वालों से जुड़े थे। 24 घंटों के भीतर नामजद आरोपी की गिरफ्तारी साबित करती है कि कानून का राज ही एनडीए की यूएसपी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा विदेशी नागरिक को सही और अपने देश की सरकार को गलत मानने के आत्मघाती दुराग्रह से पीड़ित हैं इसलिए वह डोकलाम विवाद के समय चीनी राजदूत से मिलते हैं और राफेल सौदे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति की बात पर आंख मूंद कर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान की मदद करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं, लेकिन सर्जिकल स्ट्राइक दिवस मनाकर सेना का मनोबल बढ़ाने में उन्हें राजनीति नजर आती है।