बिहार
जहानाबाद दशहरे मेले में मनचलों का कहर, 20 महिलाओं को ब्लेड मारकर किया घायल
By Deshwani | Publish Date: 20/10/2018 4:22:42 PMजहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले में दशहरे के मेले में मनचलों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान मनचलों ने 20 से अधिक महिलाओं को ब्लेड मारकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार तीसरे साल दशहरे के मेले में महिलाओं पर इस प्रकार का हमला किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के ठाकुरबारी इलाके की है। कुछ युवकों ने मेले में घूम रही महिलाओं को ब्लेड मारकर जख्मी कर दिया। प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली उन्होंने घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवाया। जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की स्थितियों का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंडाल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस घटना पर स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार तीसरे साल दशहरे के मेले के दौरान इस प्रकार की घटना हुई है। लगातार यह घटना होने के बावजूद प्रशासन ने इसके प्रति कोई सतर्कता नहीं बरती।