सुपौल
बारिश रुकने से कोसी के जलस्तर में कमी
By Deshwani | Publish Date: 15/8/2017 9:38:42 AMसुपौल,(हि.स.)। पिछले तीन दिनों से जारी बारिश थमने के बाद कोसी नदी के जलस्तर में सोमवार की शाम गिरावट दर्ज की गई। कुछ देर पहले विरपुर बराज पर कोसी का डिस्चार्ज 02 लाख 44 हजार क्यूसेक दर्ज किया गया, जो सोमवार की सुबह आठ बजे दर्ज डिस्चार्ज से करीब 21 हजार क्यूसेक कम है।
मालूम हो कि सोमवार की सुबह आठ बजे कोसी का डिस्चार्ज 02 लाख 65 हजार क्यूसेक मापा गया था। जबकि दो दिन पहले कोसी का डिस्चार्ज सर्वाधिक 02 लाख 90 हजार पहुंच गया था। वहीं जलस्तर में आए उछाल से तटबंध के भीतर बसे गांवों में भारी तबाही हुई है। दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया। सैकड़ों घर ध्वस्त हो गए। अब जलस्तर में कमी आनी शुरू हुई है तो लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि सावन-भादौ के महीने में कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी रहता है। ऐसे में प्रशासनिक चौकसी में जरा भी ढिलाई आम जन-जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। सतर्क रहने की जरूरत है।