खेल
एशियन गेम्स 2018: भारत के जॉनसन ने 1500 मीटर में जीता गोल्ड मेडल
By Deshwani | Publish Date: 30/8/2018 6:40:23 PM जकार्ता। भारतीय धावक जिनसन जॉनसन ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 12वें दिन गुरुवार को पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। जिनसन ने तीन मिनट 44.72 सेकंड का समय निकाल कर स्वर्ण जीता। ईरान के अमीर मुरादी ने तीन मिनट 45.621 सेकंड के साथ रजत और बहरीन के मोहम्मद तौलाइ ने तीन मिनट 45.88 सेकंड के साथ कांस्य जीता।
800 मीटर में भारत के लिए गोल्ड जीतने वाले मनजीत सिंह चहल तीन मिनट 46.57 सेकंड के साथ चौथे स्थान पर रहे। जिनसन को 800 मीटर में दूसरा स्थान मिला था। भारत 18वें एशियन गेम्स के 12वें दिन 12 गोल्ड समेत कुल 57 मेडल के साथ टैली में आठवें स्थान पर मौजूद है। भारत के नाम पर 12 गोल्ड, 20 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
भारत की महिला धावक चित्रा उन्नीकृष्णनन ने गुरुवार को 1500 मीटर इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। चित्रा ने चार मिनट 12.56 सेकंड का समय निकाल कर तीसरा स्थान हासिल किया। इवेंट का गोल्ड और सिल्वर दोनों बहरीन के नाम गए। कालक्दिान बेफकाडु ने चार मिनट 07.88 सेकंड का समय निकाल पहला स्थान हासिल किया तो वहीं तिगिस्त बेले ने चार मिनट 09.12 सेकंड का समय निकाल दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
भारत के अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरथ कमल ने पुरुष एकल स्पर्धा के अंतिम-16 दौर में प्रवेश कर लिया। शरथ ने अंतिम-32 दौर के मुकाबले में पाकिस्तान के आसिम मोहम्मद कुरैशी को मात दी। इससे पहले, मौमा को महिला एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। मौमा को अंतिम-16 दौर में चीनी ताइपे की खिलाड़ी जुयु चेन ने मात दी।