खेल
नॉकआउट में पहुंचा उरुग्वे, सऊदी अरब को 1-0 से हराया
By Deshwani | Publish Date: 21/6/2018 12:38:26 PMरोस्तोव। फीफा विश्वकप में कल खेले गए मैच में उरग्वे और सऊदी अरब के बीच काफी रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मैच में स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज ने अपने 100वें मैच को यादगार बनाते हुए उरुग्वे को फीफा विश्व कप के नॉकआउट स्टेज में पहुंचा दिया। बुधवार को उरुग्वे ने सुआरेज के गोल की मदद से सऊदी अरब को 1-0 से हराकर उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके साथ ही मेजबान रूस भी नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने में सफल रही।
उरूग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उसकी इस जीत से ग्रुप A से नॉकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गयी हैं। उरूग्वे की जीत ने मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में स्थान पक्का कर दिया। इन दोनों टीमों के अभी दो मैचों में 6-6 अंक हैं। सऊदी अरब और मिस्र का सफर विश्व कप में लीग चरण में ही थम जाएगा।
सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में मैच का महत्वपूर्ण गोल दागा जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। शुरुआती 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे को बराबर की टक्कर दी लेकिन सुआरेज ने इसके बाद गोल करके उरूग्वे के दर्शकों में उत्साह भर दिया। इससे सऊदी अरब की टीम पर दबाव भी बना।