खेल
बजरंग पूनिया ने सोना जीत भारत को दिलाया 17वां गोल्ड, पूजा-मौसम को चांदी, दिव्या को कांस्य
By Deshwani | Publish Date: 13/4/2018 3:29:35 PMगोल्ड कोस्ट। कॉमनवेल्थ गेम्स के 9वें दिन भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में 17वां गोल्ड मेडल डाला। उन्होंने पुरुषों की 65 किलोग्राम वर्ग स्पर्धा के फाइनल में वेल्स के केन चारिग को 10-0 से मात देकर सोना जीता। यह उनके राष्ट्रमंडल खेलों का पहला स्वर्ण पदक है। इससे पहले कुश्ती में राहुल अवारे और सुशील कुमार के बाद यह तीसरा गोल्ड है। बजरंग ने 2014 ग्लास्गो कॉमनवेल्थ में रजत पदक जीता था।
लेकिन, अगले मुकाबले में पूजा ढांढा को महिला फ्रीस्टाइल 57 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें नाइजीरियाई पहलवान ओडिनायो एडेकुओरोये ने 7-5 से हराया। पूजा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। उधर, महिला फ्रीस्टाइल 68 किलो ग्राम वर्ग में दिव्या काकरान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने बेहद आसान मुकाबले में बांग्लादेशी प्रतिद्वंद्वी शिरिन सुल्ताना को 4-0 से मात दी।
पुरुषों के फ्रीस्टाइल 97 किलो ग्राम वर्ग में पहलवान मौसम खत्री को सिल्वर मेडल मिला पाया. फाइनल में साउथ अफ्रीका के मार्टिन इरासमस ने उन्हें 12-2 से शिकस्त दी। भारत के खाते में अब तक कुल 39 मेडल आ चुके हैं। वह 17 गोल्ड, 10 सिल्वर और 12 कांस्य मेडल के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है।