खेल
महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में शूटर तेजस्विनी ने साधा चांदी पर निशाना
By Deshwani | Publish Date: 12/4/2018 11:16:17 AMगोल्ड कोस्ट। आज कॉमनवेल्थ गेम्स के 8वें दिन का शानदार शुरुआत करते हुए भारतीय निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने दिन का पहला पदक दिलाया है। उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में चांदी हासिल किया। शूटर तेजस्विनी 618.9 अंक के साथ दूसरे स्थान रहीं, जबकि सिंगापुर की मार्टिना लिंडसे ने रिकॉर्ड 621.0 अंक हासिल कर गोल्ड पर कब्जा जमाया। स्कॉटलैंड की सिओनेड (618.1) ने ब्रॉन्ज जीता। इसी स्पर्धा में भारत की अंजुम मौदगिल (602.2) 16वें नंबर पर रहीं।
इसके साथ ही शूटिंग में भारत के कुल पदकों की संख्या 12 हो गई है, जिनमें से 4 गोल्ड, 3 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज शामिल हैं। वेटलिफ्टिंग में भारत ने सर्वाधिक 5 गोल्ड मेडल के साथ 9 पदक जीते हैं।
इससे पहले गुरुवार को 4 में से 3 पहलवानों सुशील कुमार, राहुल अवारे और बबीता ने फाइनल में जगह बनाते हुए भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्के कर लिये हैं। जबकि एक के हिस्से ब्रॉन्ज आ सकता है। भारत के खाते में अब तक कुल 25 मेडल आ चुके हैं। वह 12 गोल्ड, 5 सिल्वर और 8 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है।