खेल
जूनियर आईएसएसएफ विश्व कप : भारतीय निशानेबाज ने जीता स्वर्ण
By Deshwani | Publish Date: 22/3/2018 3:40:59 PMसिडनी। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वालारिवन ने सत्र के पहले जूनियर आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर क्वालीफिकेशन विश्व रिकॉर्ड बनाया। इलावेनिल ने श्रेया अग्रवाल और जीना खिट्टा के साथ टीम वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीता। अर्जुन बाबुटा ने पुरुषों की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।
अठारह बरस की इलावेनिल का यह पहला फाइनल था जिसने 249.8 का स्कोर करके पीला तमगा जीता। क्वालीफिकेशन में उसने 631. 4 स्कोर किया जो नया विश्व रिकॉर्ड है। उसने जीत के बाद कहा कि मैं अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मुझे पता था कि मैं पदक जीतूंगी। मैं यह पदक अपने माता-पिता को समर्पित करूंगी। मैं गगन सर और जीएफजी के कोचों की शुक्रगुजार हूं।
वह ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग की गन फोर ग्लोरी अकादमी में अभ्यास करती है। चीन की वांग जेरू ने कांस्य पदक जीता जबकि चीनी ताइपै की लिन भयग शिन ने रजत पदक हासिल किया। श्रेया और जीना क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर रहे। भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता जबकि चीनी ताइपै को रजत और चीन को कांस्य मिला। पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले बाबुता ने कांस्य पदक जीता। चीन के युकी लियू को स्वर्ण और जालान पेकलेर ने रजत पदक हासिल किया।