खेल
युकी भांबरी इंडियन वेल्स से हुए बाहर
By Deshwani | Publish Date: 14/3/2018 2:24:41 PMइंडियन वेल्स। दूसरी वरीयता प्राप्त मारिन सिलिच और डेविड फेरर इंडियन वेल्स एटीपी टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। वहीं भारत के युकी भांबरी को कड़े संघर्ष के बाद तीसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। अमेरिका के सैम क्वेरी ने भारत के युकी भांबरी को 6-7 (4/7), 6-4, 6-4 से हराया।
विश्व के तीसरे नंबर के सिलिच को फिलिप कोलश्राइबर ने उलटफेर का शिकार बनाया। उन्हें जर्मनी के फिलिप कोलश्राइबर ने 6-4, 6-4 से हराया। वहीं जुआन मार्टिन डेल पोत्रो ने डेविड फेरर के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रख चौथे दौर में प्रवेश किया।
विश्व में आठवें नंबर के अर्जेंटीनी खिलाड़ी डेल पोत्रो ने इस हार्डकोर्ट टूर्नामेंट में फेरर को 6-4, 7-6 (7/3) से हराया। यह उनकी 2013 विंबलडन क्वार्टर फाइनल से लेकर इस स्पेनिश खिलाड़ी पर लगातार पांचवीं जीत है।
डेल पोत्रो का अगला मुकाबला हमवतन लियोनार्डो मेयर से होगा जिन्होंने जापानी क्वालीफायर टारो डेनियल को 6-4, 6-1 से पराजित किया। तीसरे दौर के अन्य मैचों में कनाडा के मिलोस राओनिच ने पुर्तगाल के जोओ सोसा को 7-5, 4-6, 6-2 से हराया।