खेल
करमन की पहले एकल में हार से भारत कजाखस्तान से पिछड़ा
By Deshwani | Publish Date: 8/2/2018 5:11:33 PMनई दिल्ली। करमन कौर थांडी की पहले एकल में हार के बाद भारत फेड कप एशिया ओशियाना ग्रुप एक मुकाबले में कजाखस्तान से 0-1 से पिछड़ गया। उन्नीस बरस की करमन को विश्व रैंकिंग में 55वें स्थान पर काबिज जरीना दियास ने 6-3, 6-2 से हराया। अब भारत को स्पर्धा में लौटाने की जिम्मेदारी अंकिता रैना पर होगा जो यूलिया पुतिनत्सेवा से खेलेगी। भारत के लिये का यह मुकाबला जीतना जरूरी है ताकि विश्व ग्रुप प्लेआफ की दौड़ में बना रहे।
करमन को जमने में कुछ समय लगा और दूसरे गेम में सर्विस टूटने के बाद उसने संभलकर वापसी की. दियास ने एक समय 4-1 की बढ़त बना ली, लेकिन फिर करमन ने वापसी करते हुए अंक जुटाये। उसने आक्रामक खेल दिखाते हुए सातवें गेम में तीन ब्रेकप्वाइंट हासिल किये और दूसरे को भुनाया। अगले गेम में हालांकि उसकी सर्विस टूटी। दियास ने अगले गेम में करमन की सर्विस फिर तोड़कर सेट जीत लिया। दूसरे सेट में भी करमन के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा और उसने फोरहैंड पर कई गलतियां की।
पांचवें गेम में वह 30-0 से आगे थी, लेकिन उसकी लय टूटी जब उसने विवादित काल पर रिप्ले लिया। कप्तान अंकिता भांबरी की चेयर अंपायर से बहस भी हुई, जिसका असर करमन के खेल पर पड़ा और उसने दो डबलफाल्ट कर डाले। इसके बाद मैच में वापसी का कोई रास्ता नहीं बचा था।