खेल
महिला हैंडबॉल सुपर लीग का आयोजन 12 जनवरी से
By Deshwani | Publish Date: 11/1/2018 12:52:06 PMनई दिल्ली (हि.स.) । बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बाद अब बेटी पढ़ाओ , बेटी खिलाओ मुहिम को लेकर कैन स्पोर्ट्स वर्ल्ड ने भारत के इतिहास में एक नई पहल की है। दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में आगामी 12 जनवरी से 14 जनवरी तक महिला हैंडबॉल सुपर लीग का आयोजन किया जा रहा है।
हैंडबॉल महिला सुपर लीग कैन स्पोर्ट्स वर्ल्ड द्वारा हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से करवाई जा रही है। यह जानकारी कैन स्पोर्ट्स वर्ल्ड के एम.डी. कपिल जैन व नितिन ने दी। उन्होंने बताया कि हैंडबॉल महिला सुपर लीग को सफल बनाने के लिए सभी प्रकार के जरूरी इंतजाम किये जा रहे है। लीग के लिए 6 टीमें बनाई गई है। जिसमे दिल्ली फाईटर्स, यूपी चैलेंजर्स, हरियाणा पैंथर्स जे एंड के ईगल, हिमाचल स्नैचर्स, पंजाब पेसर्स बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि पूरे भारत से टॉप 66 महिला खिलाड़ियों को लिया गया है जिसमे से हर टीम में 11-11 खिलाड़ियों को रखा गया है। प्रत्येक टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हैंडबॉल खिलाड़ी भी रहेंगी।
कपिल जैन ने बताया कि केन स्पोर्ट्स वर्ल्ड का उद्देश्य हैंडबॉल का प्रमोशन करना है जिसके चलते महिला वर्ग में इस मेगा महिला हैंडबॉल लीग का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है। सुपर लीग के लिए तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।