खेल
केपटाउन टेस्ट : दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 72 रन से हराया
By Deshwani | Publish Date: 8/1/2018 8:32:58 PM केपटाउन, (हि.स.)। तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 72 रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 208 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में भारतीय टीम 135 रनों पर सिमट गई। भारत की तरफ से दूसरी पारी में कप्तान विराट कोहली ने 28, रविचंद्रन अश्विन ने 37 धवन ने 16 और मुरली विजय ने 13 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से फिलेंडर ने 6, मोर्कल और रबाडा ने 2-2 विकेट लिए।
इससे पहले मैच के चौथे दिन लंच से ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी केवल 130 रनों पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 286 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 209 रनों पर सिमट गई थी।
भारतीय तेज गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी पूरी तरह से बिखेर दी। हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने 52 के कुल स्कोर पर एके मार्कराम को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराकर अफ्रीका को पहला झटका दिया। इसके बाद उन्होंने 59 के कुल स्कोर पर डीन एल्गर को साहा के हाथों कैच कराया। मार्कराम ने 34 और एल्गर ने 25 रन बनाए। इसके बाद शमी ने हाशिम अमला को 66 के कुल स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। अमला ने 4 रन बनाए। इसके बाद शमी ने 73 के कुल स्कोर पर रबाडा को कोहली के हाथों कैच कराकर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। रबाडा ने 5 रन बनाए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढ़ह गई और पूरी टीम 130 रनों पर ऑल आउट हो गई।
भारत की तरफ से भुवनेश्वर और पांड्या ने 2-2 और बुमराह व शमी ने 3-3 विकेट लिया। उल्लेखनीय है कि तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।