तिरवनंतपुरम। भारत के शीर्ष निशानेबाजों में शामिल जीतू राय ने 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। जीतू ने 233 अंक बनाए जो फाइनल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। स्पर्धा में नौसेना के ओंकार सिंह 222.4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सेना के जय सिंह ने 198.4 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
टीम स्पर्धा में भी जीतू को स्वर्ण मिला। सेना का प्रतिनिधित्व करने वाले जीतू ने जय सिंह और ओमप्रकाश मिथेर्वाल के साथ मिलकर 1658 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसमें वायुसेना (1626) की टीम को रजत और पंजाब (1624) को कांस्य मिला। पंजाब के अर्जुन सिंह चीमा ने जूनियर 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में 226.5 अंकों के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया जिसमें पंजाब के ही सुरेन्द्र सिंह (221.9) को रजत और हरियाण के अनमोल जैन(205.1) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।