खेल
खेलमंत्री ने भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान गुरदेव सिंह को किया सम्मानित
By Deshwani | Publish Date: 12/12/2017 4:00:37 PMनई दिल्ली, (हि.स.) । खेलमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मंगलवार को भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान गुरदेव सिंह गिल को यहां भारतीय फुटबॉल में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। खेलमंत्री ने गुरदेव सिंह को पांच लाख रुपये का चेक, शॉल और समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में फीफा 17-विश्व कप के दौरान 06 अक्टूबर को भारतीय कप्तानों का सम्मान किया था, जिसमें गुरदेव सिंह को सम्मानित किया जाना था। हालांकि उस समय गुरदेव सिंह कनाडा में थे, जिसके कारण वह सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो पाए थे। इसके बाद आज खेलमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया।
सम्मानित होने के बाद गुरदेव सिंह ने कहा कि वह देश में फुटबॉल के उन्नति से खुश हैं क्योंकि फीफा अंडर-17 विश्व कप ने पूरे देश में विशेष रूप से युवाओं और स्कूली छात्रों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने पूर्व फुटबॉल खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित 67 वर्षीय गुरदेव सिंह ने 1978 बैंकाक एशियाई खेलों में भारतीय फुटबॉल टीम का नेतृत्व किया था।