खेल
कोलकाता टेस्ट : पुजारा का संघर्ष जारी, लंच तक भारत के 5 विकेट गिरे
By Deshwani | Publish Date: 17/11/2017 12:30:45 PMकोलकाता, (हि.स.) । खराब रोशनी और बारिश से बाधित श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच के दूसरे दिन लंच तक भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा 47 और ऋद्धिमान साहा 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले कल के स्कोर 3 विकेट पर 17 रन से आगे खेलते हुए आज भारत को चौथा झटका सनाका ने दिया। सनाका की गेंद पर अजिंक्या रहाणे 30 के कुल स्कोर पर विकेटकीपर डिकवेला को कैच देकर पवेलियन लौटे। रहाणे ने 4 रन बनाए। इसके बाद सनाका ने भारतीय टीम एक और झटका दिया। अश्विन 4 रन बनाकर 50 के कुल स्कोर पर सनाका की गेंद पर करूणारत्ने को कैच दे बैठे।
बता दें कि कल का खेल खत्म होने पर भारत ने 3 विकेट पर 17 रन बनाए थे। इस मैच में पहले बारिश ने खलल डाली जिससे मैच करीब 2 बजे शुरू हुआ। इसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल करीब 3 बार रोकना पड़ा। खराब मौसम के कारण आज केवल 11.5 ओवर का ही खेल हो सका।
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीता और खराब मौसम में पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारतीय बल्लेबाजों को खराब मौसम का खामियाजा भुगतना पड़ा। मैच की पहली ही गेंद पर लोकेश राहुल चलते बने। सुरंगा लकमल की गेंद पर राहुल का कैच विकेटकीपर डिकवेला ने पकड़ा। सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर 13 के कुल स्कोर पर लकमल ने शिखर धवन को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया। धवन ने 8 रन बनाए। इसके बाद लकमल ने 17 के कुल स्कोर पर कप्तान विराट कोहली को पगबाधा आउट कर अपना तीसरा विकेट लेते हुए भारत को तीसरा झटका दिया। कोहली खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया गया और फिर अंपायरों ने दिन की समाप्ती की घोषणा कर दी।