खेल
खेलमंत्री विजय गोयल ने भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2017 7:06:49 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। खेल मंत्री विजय गोयल ने सोमवार को लंदन में जारी विश्व हॉकी लीग के सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर शानदार जीत हासिल करने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी है। बता दें कि भारत ने अपने विजय क्रम को जारी रखते हुए रविवार को पाकिस्तान को 7-1 के भारी अंतर से हराया था।
गोयल ने गोल करने वाले हरमनप्रीत सिंह, तलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह और प्रदीप मोरे के शानदार प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की। इससे पहले भारत ने स्कॉटलैंड और कनाडा को पराजित किया था।
खेलमंत्री ने इंडोनेशिया ऑपन सुपर सीरीज जीतने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत किदांबी को भी बधाई दी है। श्रीकांत किदांबी अब बैडमिंटन में सुपर सीरीज प्रीमियर, सुपर सीरीज और ग्रांड प्रिक्स गोल्ड खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि हम प्रत्येक खेल के विकास के लिए तत्पर हैं और हमारा खेल मंत्रालय एसएआई के साथ मिलकर सभी खिलाड़ियों और सहायक कर्मियों को पूर्ण समर्थन और सहयोग देगा। गोयल ने यह भी दोहराया कि खिलाड़ियों को सर्वोतम सुविधायें और सहयोग देने के लिए मंत्रालय हमेशा तत्पर है।