सीतामढ़ी
जहरीली चाय पीने से दो बच्चों की हुई मौत, 13 बीमार
By Deshwani | Publish Date: 11/3/2018 3:58:25 PMसीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाने के नरौली वार्ड 12 में रविवार को जहरीली चाय पीने से दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि 13 लोग बीमार हो गए हैं जिनको इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृत बच्चों की पहचान सहियारा थाना के कोदवारा गांव निवासी शिवनाथ राम की पुत्री शिवानी कुमारी (5) एवं सोनबरसा थाना के बिशनपुर निवासी विकाश राम के पुत्र शिवम कुमार (8) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे अपने ननिहाल बथनाहा थाने के नरौली गांव में भोला राम के यहां आए थे।
भोला राम के पुत्र शत्रुध्न कुमार की शादी 12 मार्च को होनी है। इसमें भाग लेने के लिए दोनों बच्चे आए थे। सुबह में चाय पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। पहले स्थानीय स्तर पर इलाज हुआ। फिर उनको सदर अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में शिवम ने दम तोड़ दिया। जबकि शिवानी को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चाय पीने से बीमार हुए 13 अन्य लोगों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।