सहरसा
छह वर्षीय बालक की मौत पर आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
By Deshwani | Publish Date: 22/2/2018 5:58:09 PMसहरसा। बिहरा थाना क्षेत्र के बरहशेर स्थित मुख्तार मंदिर के समीप सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से छह वर्षीय बालक की मौत इलाज के दौरान हो गई। मौत की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर चालक पर कार्रवाई करने और मुआवजे की मांग को लेकर प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुमन कुमार, बीडीओ पवन कुमार ठाकुर, सीओ शशि कुमार घटनास्थल पर पहुंच आपदा के तहत मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया। आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
जानकारी के अनुसार पंचगछिया वार्ड नंबर दो निवासी विजय महतो का छह वर्षीय पुत्र प्रद्युमन कुमार अपने घर जा रहा था। तेज रफ्तार से पंचगछिया की ओर जा रही मिट्टी लदा ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हालांकि जख्मी को परिजन द्वारा इलाज हेतु निजी नर्सिंग होम ले गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।