झारखंड
जमीन विवाद में भतीजों ने ही कर दी ग्राम प्रधान की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 17/6/2017 6:56:29 PMसाहेबगंज, (हि.स.)। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के भीमचक बड़खोरी गांव में जमीन विवाद में भतीजों ने ही ग्राम प्रधान भैरो टूडू (50) की हत्या कर दी। ग्राम प्रधान भैरो टूडू और गोतिया के भतीजों मधु टूडू, कन्हाई टूडू, चांदू टूडू और मानवेल टूडू से वर्ष 2006 से ही 17 बीघा प्रधानी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी ज़मीन को जुताई करने प्रधान भैरो टूडू शनिवार को हल लेकर खेत गया था। तभी कन्हाई, चांदू और मानवेल टूडू उन्हें खेत जोतने से मना करने लगे। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ। मृतक की पत्नी कंगनी मूर्मू के अनुसार मधु ,कन्हाई,चांदू एवं मानवेल टूडू ने लाठी डंडे से पीटकर उनकी हत्या कर दी। वहीं, कन्हाई और चांदू टूडू इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बताए जाते हैं जिनका साहेबगंज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना पाकर सदर डीएसपी ललन प्रसाद, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रामानुज कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए साहेबगंज भेज दिया। घटना के बाद से ही बड़खोरी स्थित ग्राम प्रधान के घर में सन्नाटा छाया है। वह अपने पीछे 6 पुत्र और 2 पुत्रियां छोड़ गया है।