झारखंड
ऐतिहासिक होगा हूल दिवस : विजय हांसदा
By Deshwani | Publish Date: 12/6/2017 5:10:17 PMसाहेबगंज, (हि.स.)। झामुमो 30 जून को हूल दिवस का आयोजन करेगी। इस बार का हूल दिवस ऐतिहासिक होगा। सोमवार को यह बातें राजमहल से सांसद विजय हांसदा ने कहीं। वह सोमवार को बरहेट सिंचाई डाक बंगले में हूल दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में बोल रहे थे। बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष नुरूल इस्लाम ने की। हांसदा ने कहा कि सिदो-कान्हू और चांद-भैरव ने आजादी की लड़ाई के लिए भोगनाडीह से हूल का आगाज किया था।
हूल दिवस पर हजारों लोगों का जमावड़ा भोगनाडीह में होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसकी तैयारी में जुट जाने को कहा। सांसद ने कहा कि हूल दिवस पर झामुमो के कार्यकर्ता गांव-गांव से भोगनाडीह में पहुंच कर इसमें शामिल हों। वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष नुरूल इस्लाम ने कहा कि जिलास्तरीय बैठक में हूल दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गयी है। इसमें सभी प्रखंडों से अधिक से अधिक लोग आयेंगे। बैठक में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।