साहेबगंज, (हि.स. )। पर्यावरण का संरक्षण एवं संवर्द्धन करना मानव समाज का परम कर्तव्य है। पर्यावरण का विनाश मानव का विनाश है। विकास की गति इस प्रकार रखनी होगी कि पर्यावरण का संतुलन नहीं बिगड़े। आइए हम प्रण लें कि हम सभी अपने क्रियाकलापों को पर्यावरण के अनुकूल बनाएं रखेंगे ताकि हमारी आनेवाली पीढियां शुद्ध एवं समृद्ध वातावरण में सांस ले सकें।
उक्त बातें उपायुक्त साहेबगंज डॉ. शैलेश कुमार चौरसिया ने विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2017 के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
वन विभाग द्वारा पुलिस लाइन साहेबगंज में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. शैलेश ने मानव समाज के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिना प्रकृति के संरक्षण के मानव जीवन की कल्पना भी करना बेमानी है। नदियां, जंगल, पहाड़, पशु-पक्षी इत्यादि सभी हमारे पर्यावरण के भाग हैं। इन सभी के अस्तित्व पर ही मानव अस्तित्व भी निर्भर करता है।
उपायुक्त साहेबगंज डॉ शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि अपनी विलासिता के लिए वे पर्यावरण का अहित नहीं कर सकते हैं क्योंकि हमारा भविष्य और हमारी आनेवाली पीढियों का भविष्य पर्यावरण की स्थिति पर ही निर्भर करता है। आमजन से उन्होंने अपील की कि वह जो भी कार्य करें चाहे वह रोजमर्रा के हो या विकास से जुड़ें हो पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में अवश्य रखें। बनावटी जीवन के पीछे ना भागें बल्कि अपने व्यवहारिक ज्ञान का उपयोग कर पर्यावरण की शुद्धता स्वच्छता को अक्षुण्ण बनाएं रखें।
वन प्रमण्डल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी ने लोगों का स्वागत करते हुए पर्यावरण के संरक्षण के विभिन्न उपाय बताएं। इससे पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जन जागरूकता हेतु साक्षरता चौक से पुलिस लाइन तक एक रैली का भी आयोजन वन प्रमण्डल पदाधिकारी साहेबगंज मनीष तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। रैली में जिला स्तरीय पदाधिकारियों सहित नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मी, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवम स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
कार्यक्रम से पहले पुलिस लाइन परिसर में उपायुक्त साहेबगंज डॉ. शैलेश कुमार चौरसिया ने महोगनी का पौधा लगाकर वृक्षारोपण की शुरुआत की। डीएफओ मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता अनमोल कु. सिंह के साथ साथ उपस्थित पदाधिकारियों, नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों, कॉलेज एवं स्कूल के विद्यार्थियों ने भी वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेश कुमार गौड, डॉ रंजीत कुमार सिंह, वार्ड पार्षद श्रीमती पूनम चौरसिया, मध्य विद्यालय पुलिस लाइन के हेडमास्टर अशोक कुमार सिंह ने भी अपने वक्तव्य रखें और विश्व पर्यावरण दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन यूएनडीपी के राकेश झा ने किया।
इस अवसर पर सदानन्द गोस्वामी की टीम ने पर्यावरण के संरक्षण पर आधारित सराहनीय प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की ।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आधारित थीम पर आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र का भी वितरण किया गया।