रांची
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 23 मार्च को होगा मतदान
By Deshwani | Publish Date: 24/2/2018 3:56:47 PM
रांची । झारखंड से खाली हो रही राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव के लिए 23 मार्च को मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग ने 16 राज्यों की 58 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी, जिनमें दो सीटें झारखंड की हैं।
इन सीटों के लिए 23 मार्च को मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे तक मतगणना भी होगी। 26 मार्च से पहले चुनाव पूरे कर लेने हैं। झामुमो के संजीव कुमार तथा कांग्रेस के प्रदीप बलमुचू की सीटें 3 मई को रिक्त हो रही हैं। इन्हीं सीटों पर चुनाव होना है। भारत निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष एवं साफ-सुथरा चुनाव का निर्देश दिया है। मतदान के दौरान बैलेट पेपर पर वरीयता अंकित करने के लिए रिटर्निग आफिसर द्वारा उपलब्ध कराए जानेवाले वायलेट कलर स्केच पेन के उपयोग का भी आदेश जारी किया है।
विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के खाते की सीटें भाजपा झटक सकती है। पिछले राज्यसभा चुनाव में भी करीबी टक्कर देते हुए भाजपा ने झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन को मात दी थी। विधानसभा में भाजपा के सदस्यों की संख्या दोनों सीटों पर कब्जा जमाने में मददगार होगी। विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर के मुताबिक कोशिश दोनों सीटों पर जीत की होगी। जल्द हीं पार्टी इसकी रणनीति बनाएगी। उधर झारखंड मुक्ति मोर्चा की अग्निपरीक्षा भी होगी। मोर्चा को अपनी सीटें निकालने के लिए विपक्षी दलों के समर्थन की दरकार होगी। कांग्रेस की सदस्य संख्या इतनी नहीं है कि वह अपना प्रत्याशी उतारेगी।